लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: बृजकिशोर पारीक, जोधपुर
जोधपुर। शहर के हृदय स्थल खाण्डा फलसा क्षेत्र में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सुनार की दुकान को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। वारदात भीम जी की हथाई के पास हुई, जिससे क्षेत्र के व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सुबह खुला चोरी का राज
जानकारी के अनुसार, घटना का पता सुबह उस समय चला जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचा। अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। चोर दुकान में रखे चांदी के गहने साफ कर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही खाण्डा फलसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस-व्यापारी बैठक
घटना की गंभीरता को देखते हुए लाड जी का कुआं स्थित चौकी पर एसीपी ईस्ट मंगलेश चुंडावत और थाना अधिकारी बलवंत राम ने व्यापारियों के साथ बैठक की। व्यापारियों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
व्यापारियों की प्रमुख मांगें
-
क्षेत्र में रात्रि गश्त तत्काल प्रभाव से बढ़ाई जाए।
-
संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए।
-
संदिग्ध गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाए।
-
चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।
व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।