लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद — (गौतम शर्मा) खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने शुक्रवार देर शाम राजसमंद कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में जिले की प्रगति और विभागीय कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई।
मीडिया से बातचीत में गोदारा ने बताया कि राज्य सरकार के गिव अप अभियान के तहत राजसमंद जिले में 81,696 व्यक्तियों ने स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा का त्याग किया। वहीं, ई-केवाईसी (e-KYC) न होने के कारण 69,666 व्यक्तियों के नाम सूची से हटाए गए। इस तरह कुल 1,51,362 अपात्र व्यक्तियों को खाद्य सुरक्षा लाभ से बाहर किया गया, जिससे निर्धन, पात्र और जरूरतमंद व्यक्तियों को लाभ मिल सके।
इसके साथ ही जिले में 94,428 नए पात्र व्यक्तियों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा गया। गोदारा ने राजसमंद जिले की प्रगति की मुक्तकंठ से सराहना की और सभी विभागीय योजनाओं की समीक्षा की।
इस अवसर पर विधायक हरि सिंह रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल, उपाध्यक्ष माधव चौधरी, जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, समाजसेवी मानसिंह बारहठ और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।











































