लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड के ककोड़ कस्बे में किसानों में खाद के लिए हड़बड़ी का नजारा देखने को मिला। अन्नदाता की भीड़ पुलिस चौकी में घुसने का प्रयास करने लगी, जिस कारण चौकी के चेनल गेट को बंद करना पड़ा।
जगदीश एग्रो एजेंसी में कृषि विभाग की निगरानी में खाद वितरण होना था। सूचना मिलते ही सुबह से ही किसानों की भारी भीड़ दुकान के बाहर इकट्ठी हो गई। कृषि पर्यवेक्षक लादू लाल मीना ने किसानों से टोकन के माध्यम से वितरण कराने का अनुरोध किया।
लगभग 600 महिला–पुरुष किसान चौकी पर पहुंच गए और खाद की मांग करते हुए अंदर घुसने की कोशिश की। चौकी प्रभारी अचल सिंह और हेड कांस्टेबल राजेश चावला ने बड़ी मशक्कत कर किसानों को लाइन में लगवाया और टोकन कटवाकर खाद वितरित की।
लादू लाल ने बताया कि आज 378 पर्चियों पर 756 कट्टे वितरित किए गए। क्षेत्र में अब तक सीजन की शुरुआत से लगभग 5000 यूरिया के कट्टे वितरित हो चुके हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि कुछ लोग जमीन नकल की बाध्यता न होने का फायदा उठाकर खाद का संग्रहण कर रहे हैं। यदि प्रशासन समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं करता है, तो स्थिति गंभीर हो सकती है।










































