लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
56 कृषि सखियों व सीआरपी ने लिया प्रशिक्षण
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। कृषि विज्ञान केंद्र, अठियासन (नागौर) में प्राकृतिक खेती विषय पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। इस प्रशिक्षण में जिले की 56 कृषि सखियों और सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (सीआरपी) ने भाग लिया और प्राकृतिक खेती की उन्नत तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं केंद्राध्यक्ष डॉ. गोपीचंद सिंह ने की। उन्होंने प्राकृतिक खेती के महत्व, लागत में कमी, मृदा स्वास्थ्य सुधार और किसानों की आय बढ़ाने के तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाकर किसान रासायनिक खाद और कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर सकते हैं तथा सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।
सहायक निदेशक कृषि कानाराम ने कृषि सखियों को ग्रामीण स्तर पर प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि कृषि सखियां गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक किसान इस पद्धति को अपनाएं।
पशु वैज्ञानिक बुधाराम चौधरी ने पशुपालन आधारित प्राकृतिक खेती, जीवामृत, घनजीवामृत तथा देशी गाय के महत्व पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुपालन से खेती की लागत कम होती है और किसानों को अतिरिक्त आय भी मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को जीवामृत, बीजामृत और प्राकृतिक कीट नियंत्रण विधियों का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इस अवसर पर केंद्र के वैज्ञानिक, कर्मचारी और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।


















































