लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। दूनी शहर में कीर मेहरा समाज द्वारा बस स्टैंड स्थित अमरनाथ शिव मंदिर में फाग महोत्सव बड़े धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और फूलों की होली खेली गई।
फागोत्सव के अवसर पर हैदराबाद के प्रसिद्ध भजन सम्राट अनिरुद्ध खंडेलवाल ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने “आज बृज में होली रे रसिया” एवं “मेरा भोला भंडारी, पीकर विष का प्याला कहलाया नीलकंठ धारी” जैसे भजनों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। उपस्थित श्रद्धालु भजनों पर झूम उठे और भक्ति रस में सराबोर हो गए।
कार्यक्रम की शुरुआत भजन गायक रामदेव मेहरा (सेवानिवृत्त व्याख्याता) ने गणेश वंदना से की। इसके बाद रंग-बिरंगे फाग महोत्सव 2026 एवं फूलों की होली कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। भजन गायक हंसराज तिवारी ने “सांवरिया के छप्पन भोग” भजन प्रस्तुत किया और ठाकुरजी को श्रद्धा व प्रेम भाव से छप्पन भोग अर्पित किए गए।
फागोत्सव में भजन गायक रमेश राव, श्याम राजोरा और लोकेश झंवर ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गुलाल का तिलक लगाकर फूलों की होली खेली।
इस पावन अवसर पर अमरनाथ शिव मंदिर को फूल मालाओं से सजाया गया तथा श्रीराम दरबार, शिव पंचायत, बाबा रामदेव, श्रीहरि सद्गुरु कालू बाबा एवं बजरंग बली की आकर्षक झांकियां सजाई गईं।
कार्यक्रम में मंदिर पुजारी विनोद शर्मा, महर्षि कश्यप स्नातकोत्तर महाविद्यालय दूनी के निदेशक डॉ. नरेन्द्र मेहरा (एडवोकेट), युवा नेता रोकी खाण्डल, सत्यनारायण मेहरा (कम्पाउंडर), राधिका आईटीआई के निदेशक पुष्पराज मेहरा, अजय मेहरा, प्रकाश मेहरा, महावीर पीटीआई, रामगोपाल सोनी, आशीष उपाध्याय, विष्णु तिवारी, राजू शर्मा, जगदीश आढ़तिया, कालू ठेकेदार, मुकेश पुरी, पवन मेहरा, गणेश जांगिड़, राजू सिकरवाल, धनराज मेहरा, कमलेश कुमार, अमित मेहरा, मोनू बरुणा, लीला शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु एवं श्रोता उपस्थित रहे।
