- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
चांद से भी उजली सुहागनाएं, प्रेम और विश्वास से सजी करवा चौथ की शाम
संवाददाता जितेंद्र बालोत
अजमेर। पूरे देशभर की तरह अजमेर में भी करवा चौथ का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुहागन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु और सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना के लिए निर्जला व्रत रखा। दिनभर भूखी-प्यासी रहीं महिलाएं शाम को सोलह श्रृंगार कर पारंपरिक परिधानों में सजीं और अपने पति की दीर्घायु के लिए चंद्रमा को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की।
शहर के विभिन्न इलाकों—तानाजी नगर, वैशाली नगर, रामगंज, और नया बाजार में करवा चौथ की विशेष रौनक देखने को मिली। महिलाओं ने हाथों में मेंहंदी रचाई, लाल चुनरी और पारंपरिक आभूषणों से सजीं, थाल सजाकर चौथ माता की कथा सुनी। पूजा के दौरान सुहागिनों ने एक साथ चौथ माता से अपने पति की सलामती और परिवार के सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान पुष्पा देवी, दीप्तिका कश्यप, और पूजा कश्यप, ने बताया कि रात होते ही जैसे ही आसमान में चांद का दीदार हुआ, महिलाओं ने छलनी से चांद और फिर अपने पति का चेहरा देखकर अर्घ्य अर्पित किया और व्रत खोला।
इस दौरान सामूहिक उद्यापन कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जहां महिलाओं ने मिलकर पूजा की और एक-दूसरे को व्रत पूरा होने की बधाइयां दीं। करवा चौथ के इस पावन अवसर पर अजमेर में प्रेम, समर्पण और आस्था की अद्भुत झलक देखने को मिली। हर घर से सुहाग गीतों की गूंज सुनाई दी और वातावरण में चांदनी के साथ पारिवारिक स्नेह की मिठास घुल गई।
- Advertisement -











































