लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा। टोंक–सवाई माधोपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हरीश चंद्र मीना ने निवाई क्षेत्र के ग्राम करेडा बुजुर्ग में घटित घटना पर गहरी चिंता और कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
सांसद मीना ने कहा कि मीडिया रिपोर्ट्स और वायरल वीडियो के अनुसार कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम महिलाओं से धर्म पूछकर कंबल वापस लेने तथा राजनीतिक टिप्पणी करने का आरोप है। उन्होंने इस कृत्य को अमानवीय, असंवेदनशील और संविधान की मूल भावना के विरुद्ध बताया।
पत्र में सांसद मीना ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि धर्म, जाति या राजनीतिक विचारधारा के आधार पर किसी भी प्रकार का भेदभाव लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के लिए घातक है।
सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि यदि सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रभावशाली व्यक्तियों द्वारा समाज को विभाजित करने के प्रयास किए जाते हैं और उन पर कार्रवाई नहीं होती, तो इससे देश की एकता और आपसी विश्वास पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से इस प्रकरण में त्वरित हस्तक्षेप कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।


















































