लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी
समदड़ी (बालोतरा)। समदड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के करमावास गांव में दो पक्षों के बीच आपसी विवाद के बाद आमने‑सामने भिड़ंत का मामला सामने आया है। घटना के दौरान एक व्यक्ति द्वारा कार पर लोहे के सरिये से लगातार हमला किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार चालक हमले से बचने के लिए वाहन को इधर‑उधर घुमाता नजर आ रहा है, जबकि दूसरा व्यक्ति लोहे के डंडे से कार पर लगातार वार करता रहा। इस पूरी घटना को मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो करमावास गांव का ही है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी बनी रही और ग्रामीणों में दहशत का माहौल देखने को मिला।
मामले की सूचना मिलते ही समदड़ी पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटनास्थल की पुष्टि कर रही है तथा दोनों पक्षों की पहचान और विवाद के कारणों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही वीडियो में नजर आ रहे व्यक्तियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
इस संबंध में समदड़ी थाना प्रभारी सीआई नरपतदान ने बताया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त एवं उच्चस्तरीय कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।










































