लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सेमारी सलुम्बर (बीएल जोशी)। सेमारी कस्बे के निकटवर्ती गांव भीमपुर में स्थित कल्लाजी कल्याण धाम में सोमवार को सप्तमी के अवसर पर नवरात्रि महोत्सव का समापन बड़े धूमधाम से हुआ। मंदिर प्रांगण में हवन-यज्ञ अनुष्ठान और ढोल-नगाड़ों के साथ जयकारों की गूंज से भक्तों ने मंदिर शिखर पर ध्वजा परिवर्तन किया।
हवन-यज्ञ और मंगलकामना
मंदिर परिसर में गादीपति महेंद्र सिंह शक्तावत के सानिध्य में पंडित खेमशंकर चौबीसा और सहयोगी लोकेश चौबीसा के मंत्रोच्चार के साथ हवन-यज्ञ में आहुतियां दी गई और विश्वशांति की कामना की गई। साथ ही कल्लाजी और बायण माता के जयकारों के साथ शिखर पर ध्वजा बदलने की परंपरा निभाई गई।
महाआरती और प्रसाद वितरण
समापन समारोह में कल्लाजी व बायण माता की महाआरती भी उतारी गई। अंत में प्रसाद वितरण के साथ नवरात्रि महोत्सव का समापन बड़ी धूमधाम से सम्पन्न हुआ।
रात्रि जागरण और भजन संध्या
महोत्सव की पूर्व संध्या पर आयोजित रात्रि जागरण और भजन संध्या में स्थानीय भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक धार्मिक भजनों की प्रस्तुति दी। भक्तिमय वातावरण में लोक देवता कल्लाजी के आव्हान पर गादीपति महेंद्र सिंह शक्तावत ने उपस्थित सभी भक्तों को आशीर्वाद प्रदान किया।
भक्तों की सहभागिता
इस मौके पर आसपास और दूरदराज से सैकड़ों की संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे और महोत्सव में पूर्ण श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।