लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा बुधवार को एक्शन मोड में नजर आए। ग्राम पंचायत मोही के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान उन्होंने अवैध बजरी से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मौके पर ही पकड़ीं। कलेक्टर हसीजा ने तत्काल दोनों ट्रॉलियों को जब्त करने के निर्देश दिए। पूछताछ के दौरान चालक मौके से फरार हो गया।
कलेक्टर हसीजा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले की सीमाओं पर सघन निगरानी रखी जाए ताकि अवैध बजरी के परिवहन और निर्गमन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध खनन की गतिविधियां संचालित हो रही हैं, वहां त्वरित कार्रवाई कर जिम्मेदारों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता सहित राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
कलेक्टर के इस सख्त रुख से प्रशासनिक हलकों में चर्चा का माहौल है, वहीं आमजन ने अवैध खनन पर कार्रवाई की इस पहल का स्वागत किया है।
