लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बनी सिंह मीना, गंगापुर सिटी (सवाई माधोपुर)।
गंगापुर सिटी के फव्वारा चौक स्थित राजकीय जिला आयुर्वेदिक अस्पताल का बुधवार को आयुर्वेद विभाग अजमेर के अतिरिक्त निदेशक डॉ. रमेश मीणा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्टाफ से चिकित्सा सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
डॉ. मीणा ने बताया कि अस्पताल में पंचकर्म यूनिट के विकास के लिए विभाग द्वारा 20 लाख रुपए का बजट स्वीकृत किया गया है। यह राशि यूनिट के निर्माण, उपकरणों की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुधार कार्यों में खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि इससे मरीजों को बेहतर आयुर्वेदिक उपचार और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
अतिरिक्त निदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए पारदर्शिता और सेवा भावना के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने मरीजों से अस्पताल की सेवाओं के संबंध में भी फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. कुंजीलाल मीना, पंचकर्म प्रभारी डॉ. मुक्तदीर अहमद खान, डॉ. आनंद बिहारी शर्मा, डॉ. विपिन बिहारी, डॉ. केशव प्रसाद वर्मा, डॉ. दीक्षा जाजोरिया तथा नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
