लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल): काशीपुरी स्थित श्री श्याम मंदिर में एकादशी के अवसर पर रविवार देर रात भव्य श्याम संकीर्तन का आयोजन किया गया। सुबह से ही श्याम बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, जो देर रात तक जारी रहा। कई श्रद्धालु पदयात्रा कर समूहों में मंदिर पहुंचे।
मंदिर परिसर दिनभर श्याम नाम के जयकारों से गुंजायमान रहा। संकीर्तन में इंदौर से आए भजन गायक गोपाल परमार और महेंद्र पाटिल ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को श्याममय बना दिया। गोपाल परमार ने “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम” और “लखदातार के दर पे आया” जैसे भजनों से भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं महेंद्र पाटिल ने “मेरे श्याम आ जाओ” और “श्याम से लगन लगा ले रे” सुनाकर भावविभोर कर दिया।
इस मौके पर श्री श्याम सेवा समिति अध्यक्ष सुरेश पोद्दार ने कहा—
“श्याम बाबा की असीम कृपा से ही भक्तों के जीवन में सुख और शांति बनी रहती है। संकीर्तन में उमड़ी भीड़ बाबा की आस्था को दर्शाती है।”
मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि एकादशी पर आयोजित संकीर्तन भक्तों के लिए हमेशा भक्ति और श्रद्धा का संगम रहा है। इस बार भी भीलवाड़ा ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
आयोजन का सीधा प्रसारण फेसबुक पेज ‘श्री श्याम मंदिर, काशीपुरी भीलवाड़ा’ पर किया गया। आयोजन को सफल बनाने में हरीश शाह, राकेश काबरा, राहुल अग्रवाल, नारायण तोषनीवाल, दीपक मित्तल और नितिन अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।
