लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
यहां शहर में इन दिनों कार्तिक मास के चलते महिलाएं कार्तिक स्नान और धार्मिक अनुष्ठान में जुटी हुई है। शहर के विभिन्न मोहल्लो की महिलाएं सूर्योदय से पूर्व तालाब, नहर, सरोवर, जलाशयों में समूह में मंगल गीत गाते हुए जाती है। जहां समूह में स्नान कर सूर्योदय तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान में जुट जाती है। कार्तिक स्नान के चलते महिलाएं मंदिरों में मंगल आरती के दर्शन कर राम नाम जप कर रही है। शरद पूर्णिमा के बाद से शुरू हुआ यह सिलसिला कार्तिक पूर्णिमा तक चलेगा। शहर में छप्पन जी घाट, श्री जी की बगीची,बावडियो पर महिलाएं कार्तिक स्नान के लिए जा रही है। राम रघुनाथ मंदिर में महिलाएं बडी संख्या मे आकर धार्मिक अनुष्ठान कर रही है। गायत्री देवी द्वारा महिलाओं को कार्तिक स्नान की कथा सुनाई जा रही है। कार्तिक स्नान करने वाली संतोष जागिड ने बताया कि राम रघुनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में महिलाएं धार्मिक अनुष्ठान के लिए आ रही है। कार्तिक स्नान करने वाली महिलाएं पूरे मन से व्रत रखती है और कार्तिक मास की कथा सुनने के बाद व्रत खोलती है, कार्तिक स्नान करने से अत्यधिक पुण्य प्राप्त होता है। कस्बे के चारभुजा नाथ मंदिर, राम रघुनाथ मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, विश्वकर्मा मंदिर, कल्याण मंदिर सहित कई मंदिरों में महिलाएं दर्शन के लिए जा रही है। मुख्य बाजार में स्थित राम रघुनाथ मंदिर में सूर्य उदय से पूर्व महिलाओं द्वारा धार्मिक अनुष्ठान और भजन कीर्तन से माहौल भक्तिमय बना हुआ है। इस अवसर पर राम रघुनाथ मंदिर में अनीता बड़ाया,संतोष जांगिड़, गायत्री देवी,रेखा बढ़ाया,शांति खंडेलवाल,सुमित्रा जांगिड,प्रतिभा खंडेलवाल,अनीता सोनी, सुमित्रा भट्ट,आशा जांगिड़,लीला सोनी,ज्योती सैनी,निर्मला खत्री,प्रसन्न वर्मा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित थी।


















































