लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक), लोक टुडे न्यूज नेटवर्क।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर और आसपास की महिलाओं ने पवित्र सरोवरों एवं नदियों में स्नान कर दीपदान किया और भगवान शिव व भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर पुण्य अर्जित किया।
श्रद्धालु रमेश जांगिड़ ने बताया कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान और दीपदान से मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस दिन तुलसी के पौधे, मंदिरों और आंगन में दीप जलाने का विशेष महत्व माना गया है।
राम रघुनाथ मंदिर महिला मंडल की महिलाओं ने हरिद्वार में गंगा स्नान कर भगवान शिव, भगवान विष्णु और माता गंगा की आराधना की। गंगा तट पर दीपदान का रमणीय दृश्य श्रद्धा और आनंद से परिपूर्ण रहा।
इसके अलावा कई महिलाएँ मांडव ऋषि की तपोभूमि मंडकला (जिले का मिनी पुष्कर धाम) पहुँचीं, जहाँ उन्होंने पवित्र सरोवर में स्नान कर दीपदान किया और विभिन्न मंदिरों में दर्शन कर पुण्य प्राप्त किया।
यह दिन आस्था, भक्ति और आध्यात्मिकता का प्रतीक बन गया, जब पूरे क्षेत्र में दीपों की ज्योति से वातावरण दैदीप्यमान हो उठा।
















































