लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
कठूमर, रिपोर्टर: संजीव बंसल – कठूमर उपखंड क्षेत्र के ग्राम कांकरोली में आज 33 केवी जीएसएस का उद्घाटन किया गया। साथ ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कांकरोली में दो कक्ष और बरामदे का निर्माण कार्य भी लोकार्पित किया गया। इस अवसर पर कठूमर विधायक रमेश खींची मुख्य अतिथि थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सरपंच रेखा देवी ने की।
लोकार्पण समारोह में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता ज्ञान सिंह मीणा, सहायक अभियंता कृष्ण गोपाल शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता गोपीश भारद्वाज, हरवीर सरपंच, सरपंच प्रतिनिधि रणवीर चौधरी, सरपंच गुड्डू शर्मा, सरपंच झोलमाल जाटव, सरपंच सुखी गुर्जर, सरपंच सियाराम गुर्जर, मंडल अध्यक्ष राजेश गुर्जर और जिला परिषद सदस्य सहित अनेकों जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विधायक रमेश खींची ने ग्रामवासियों को आश्वासन दिया कि उनके क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी और आने वाले बजट में कांकरोली में और नई विकास परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जीएसएस के बनने से आसपास की लगभग 5 ग्राम पंचायतों और 15 गांवों को गुणवत्ता युक्त बिजली प्राप्त होगी।
विधायक ने ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। कार्यक्रम में स्थानीय सरपंच प्रतिनिधि रणवीर चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत और सत्कार किया, जबकि ग्रामीणों ने अपने उत्साह और स्वागत भाव से समारोह को यादगार बनाया।