लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर। (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ) श्रीगंगानगर के सूरतगढ़ से प्राप्त खबर के अनुसार, कांग्रेस पार्टी ने एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के संबंध में उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यह कार्रवाई कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक रुपिन्द्र सिंह रूबी कुन्नर के निर्देशानुसार की गई। इस अवसर पर सूरतगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष परसराम भाटिया और पूर्व विधायक राजेंद्र भादु के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में निर्वाचन विभाग द्वारा संचालित एसआईआर प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आ रही हैं, जो निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं नियमों के प्रतिकूल हैं। निर्वाचन विभाग द्वारा निर्धारित किया गया था कि 12 दिसंबर से 15 जनवरी तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है। नियमों के अनुसार, मतदाता केवल एक ही फार्म के माध्यम से दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है, जबकि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल प्रतिदिन दो फार्म और अधिकतम 10 फार्म जमा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, फार्म में मतदाता की संपूर्ण जानकारी, मोबाइल नंबर और साक्ष्य संकलन करना अनिवार्य है।
भाटिया ने बताया कि बीएलओ द्वारा राजनीतिक दबाव में मतदाता सूची से जानबूझकर हजारों मतदाताओं के नाम हटाने की शिकायतें मिल रही हैं, जो निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन है।
युवा नेता योगेश मेघवाल ने कहा कि समय रहते संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियम अनुसार कार्रवाई की जाए, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि अन्यथा कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेगी।
इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष परसराम भाटिया, पूर्व विधायक राजेंद्र भादु, जिला महासचिव जेपी गिला, नगर अध्यक्ष जेपी गहलोत, संगठन मंत्री अनिल रोकना, एडवोकेट सहदेव जोशी, संगठन महामंत्री अमर सिंह राठौड़, मीणा समाज के प्रदेश महासचिव कमलेश मीणा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।