लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। पाली जिले की सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पालड़ी जोड़ में नवनिर्मित भामाशाह स्व. पानी बाई मिलापचंद जी जैन राजकीय पशु चिकित्सा उप केंद्र के भवन का लोकार्पण रविवार को पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने पट्टिका का अनावरण कर किया।
इस अवसर पर मंत्री कुमावत ने कहा कि राजस्थान की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का मजबूत आधार पशुपालन है। लाखों परिवार इसकी आजीविका से जुड़े हैं और पशुधन की देखभाल उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि पालड़ी जोड़ में इस नए भवन के शुरू होने से आसपास के कई गांवों के पशुपालकों को राहत मिलेगी और उन्हें अब दूरदराज के कस्बों में इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
मंत्री ने भामाशाहों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह भवन केवल संरचना नहीं, बल्कि पालड़ी जोड़ गांव के पशुपालकों के विश्वास और सेवा का केंद्र बनेगा। जनसहयोग से बने ऐसे भवन वर्षों तक सेवा और स्मृति का प्रतीक बने रहते हैं।
चारदिवारी व सड़क सहित अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण
लोकार्पण समारोह के दौरान मंत्री कुमावत ने ग्राम पंचायत में कई विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया। इनमें श्मशान भूमि की चारदिवारी, विभिन्न सीसी सड़क और नाली निर्माण कार्य, गणेश जी विसर्जन चौक तथा महादेव मंदिर व विष्णु भगवान मंदिर के पास सीसी ब्लॉक निर्माण कार्य शामिल हैं, जिससे आमजन की राह सुगम होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्धजन
लोकार्पण समारोह में भवन निर्माणकर्ता भामाशाह महावीर जैन और बसंत कुमार जैन, पाली सरस डेयरी अध्यक्ष प्रताप सिंह बिठिया, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, जिला परिषद सदस्य हरिशंकर मेवाड़ा, समाजसेवी नवाराम मीणा, ग्राम सहकारी सेवा समिति अध्यक्ष महेंद्र सिंह राणावत, उप सरपंच शेर सिंह, भामाशाह अमृतलाल जैन, कंचन जैन सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिकों ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

















































