Home latest जोधपुर पहुंचे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान को मिली कई नई ट्रेनों...

जोधपुर पहुंचे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, राजस्थान को मिली कई नई ट्रेनों की सौगात

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जोधपुर। केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव आज एक दिवसीय दौरे पर जोधपुर पहुंचे। जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और बुके के साथ केंद्रीय मंत्री की अगवानी की। एयरपोर्ट से सीधे वे जोधपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों को रेलवे से जुड़ी कई बड़ी सौगातें दीं।

रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का तेजी से आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने इस बार राजस्थान में रेलवे विकास कार्यों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऐतिहासिक बजट आवंटित किया है।

उन्होंने कहा कि इसी बजट का परिणाम है कि प्रदेश में नई रेल लाइनों, स्टेशनों के पुनर्विकास और नई ट्रेन सेवाओं पर तेजी से काम हो रहा है। पश्चिमी राजस्थान की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से चेन्नई, पुणे और हैदराबाद के लिए डेली ट्रेन सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं।

केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि आज से जैसलमेर से अहमदाबाद के बीच नई ट्रेन सेवा का भी शुभारंभ किया गया है। इसके अलावा मारवाड़ जंक्शन से मावली तक गेज परिवर्तन कार्य तथा मेड़ता से पुष्कर रेल लाइन परियोजना पर तेजी से काम जारी है।

हरिद्वार के लिए सीधी ट्रेन सेवा की मांग पर मंत्री ने कहा कि यह विषय उनके संज्ञान में है और रेलवे जल्द ही इस दिशा में उचित निर्णय लेने का प्रयास करेगा।

इस दौरान रेलवे अधिकारियों और भाजपा नेताओं की मौजूदगी में विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा भी की गई। केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version