लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया संबोधन
जोधपुर/जयपुर। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भैरोसिंह शेखावत लोकतांत्रिक मूल्यों, जनसेवा और राजनीतिक शुचिता के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई प्रतिष्ठा प्राप्त कर रहा है और राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में अंत्योदय के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री गुरुवार को जोधपुर में आयोजित स्व. भैरोसिंह शेखावत की प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक साधारण किसान परिवार से निकलकर देश के उपराष्ट्रपति पद तक पहुंचने की उनकी यात्रा करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। राजनीति में पारदर्शिता, नैतिकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव याद रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की सोच को सबसे पहले भैरोसिंह शेखावत ने मजबूती से आगे बढ़ाया था। उनका मानना था कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होने से विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहेगी और समय व धन की बचत होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया प्रेरणास्रोत
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि स्व. भैरोसिंह शेखावत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को धरातल पर उतारा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनकी सेवा भावना वर्तमान सरकार के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. शेखावत ने प्रशासनिक पारदर्शिता, जल संरक्षण, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में दूरगामी निर्णय लिए। उन्होंने राजनीति को समाजसेवा का माध्यम माना और हमेशा गरीब, किसान तथा वंचित वर्ग के हित में कार्य किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार ने 78 लाख किसानों को ब्याज मुक्त फसली ऋण उपलब्ध कराया है तथा लाखों युवाओं को रोजगार और सरकारी नौकरियों से जोड़ने की दिशा में कदम उठाए हैं।
विकास और सुशासन की नई दिशा
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि स्व. भैरोसिंह शेखावत ने अपने परिश्रम, सेवा और सुशासन से राजस्थान को नई दिशा दी। उनके जीवन के प्रेरक प्रसंग आज की युवा पीढ़ी के लिए ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा हैं।
कार्यक्रम में संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, सांसद पी.पी. चौधरी, विधायक अतुल भंसाली, देवेन्द्र जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्यजन उपस्थित रहे।