Home crime जोधपुर में 50 लाख का सोना चोरी, CCTV में कैद हुए...

जोधपुर में 50 लाख का सोना चोरी, CCTV में कैद हुए दो संदिग्ध

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जोधपुर में कारीगर के कारखाने से 50 लाख का सोना चोरी

जोधपुर, राजस्थान | संवाददाता अभिषेक

जोधपुर।   सदर बाजार थाना क्षेत्र में स्थित घोड़ों का चौक इलाके में एक ज्वेलरी कारीगर के कारखाने से करीब 50 लाख रुपए का सोना चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र के ज्वेलर्स में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बंगाली कारीगर सोमेन मंडल ने सोमवार को सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि घोड़ों का चौक स्थित उनके फर्स्ट फ्लोर के ज्वेलरी कारखाने का ताला तोड़कर अज्ञात चोर अंदर घुस गए और वहां रखा करीब 350 ग्राम सोना चोरी कर ले गए। चोरी किए गए सोने की कीमत लगभग 50 लाख रुपए बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि सोमेन मंडल सोने की ज्वेलरी बनाने का काम करते हैं। शहर के कई ज्वेलर्स ने उन्हें आभूषण बनाने के लिए सोना दिया था। रविवार को भी व्यापारियों की ओर से करीब 350 ग्राम सोना दिया गया था, जिसे कारीगर ने कारखाने के काउंटर पर ही रखा हुआ था। देर रात चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोना लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर सदर बाजार थाना अधिकारी माणक राम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्ति नजर आए हैं, जिनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं ज्वेलरी एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन सोनी ने इस घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन दिनों विवाह सीजन के चलते बाजारों में सोने-चांदी का कारोबार बढ़ा हुआ है और इसी का फायदा उठाकर चोर गिरोह सक्रिय हो गए हैं।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version