जोधपुर रोड बाईपास स्थित शीतला माता मंदिर में भरा मेला

0
20
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। नागौर व आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को महिलाओं ने श्रद्धा और आस्था के साथ शीतला माता की पूजा-अर्चना की। सुबह करीब 4 बजे से ही जोधपुर रोड बाईपास स्थित शीतला माता मंदिर में महिलाओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। महिलाओं ने माता को ठंडे पकवान, दही, गुड़, पूरी और अन्य प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और बच्चों को रोगों से सुरक्षित रखने की कामना की।

धार्मिक मान्यता के अनुसार शीतला माता को रोगों से रक्षा करने वाली देवी माना जाता है। विशेष रूप से चेचक, खसरा और अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए माता की पूजा की जाती है। इसी कारण महिलाएं इस दिन घर में एक दिन पहले ही भोजन बनाकर रखती हैं और पूजा के बाद उसी ठंडे भोजन को प्रसाद के रूप में ग्रहण करती हैं।

मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल

नागौर के विभिन्न मोहल्लों और मंदिरों में सुबह से ही पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की थाली लेकर मंदिर पहुंचीं और माता को नीम के पत्ते, हल्दी, रोली और ठंडे पकवान अर्पित किए। मंदिर परिसर में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन भी किए गए, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं

शीतला माता मंदिर में विश्व हिंदू परिषद और धार्मिक आयोजन समिति की ओर से भक्तों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग लाइनों की व्यवस्था की गई तथा गर्मी को देखते हुए पंखे, कूलर और पेयजल की व्यवस्था भी की गई।

आयोजन समिति और विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष ने बताया कि सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, जो करीब 10 बजे तक लगातार जारी रहा। मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग कर सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था बनाई गई।

सुरक्षा और सेवा व्यवस्थाएं

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नागौर पुलिस की ओर से महिला और पुरुष कांस्टेबल तैनात किए गए तथा यातायात को डाइवर्ट कर दूसरे मार्ग से निकाला गया। वहीं भारत विकास परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी मंदिर परिसर में सेवा देते हुए श्रद्धालुओं को ठंडा पानी पिलाने की व्यवस्था की।

तेज गर्मी के बावजूद शीतला माता के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं का लगातार तांता लगा रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here