लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। जोधपुर जिले में अखिल भारतीय आदर्श जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश बेनीवाल पर रविवार देर रात प्राणघातक हमला किए जाने की सूचना है। हमलावरों द्वारा चार राउंड फायरिंग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेनीवाल पूर्व विधायक नारायण राम बेड़ा के पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए आसोप थाना क्षेत्र के गच्छीपुरा गांव गए थे। समारोह से लौटते समय 10 से 15 हमलावरों ने रास्ता रोककर उन पर और उनके साथियों पर हमला कर दिया।
हमले में बेनीवाल के एक साथी के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके 12 टांके आए हैं। घायल को भोपालगढ़ उप जिला अस्पताल से मथुरादास माथुर हॉस्पिटल रेफर किया गया।
बताया जा रहा है कि बेनीवाल वर्ष 2018 से 2023 के बीच राजस्थान सरकार में राज्य खेल परिषद के सदस्य रह चुके हैं तथा माइनिंग विभाग में भी सदस्य के रूप में कार्य कर चुके हैं।
घटना को लेकर जाट समाज सहित सर्व समाज में आक्रोश व्याप्त है। बेनीवाल ने आसोप थानाधिकारी से शीघ्र कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।


















































