जोधपुर गवर्नमेंट प्रेस में शराब पार्टी: जाम, चिकन और स्नैक्स के साथ बंद कमरे में आयोजन

0
77
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क 

जोधपुर।

शहर के बीचोबीच स्थित गवर्नमेंट प्रेस में शराब पार्टी का मामला सामने आया है। यह वही इलाका है जहाँ बिना अनुमति के परिंदा भी पर नहीं मार सकता, लेकिन यहाँ के कुछ कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में ही शराब, चिकन और स्नैक्स के साथ जश्न मनाया।

मामला उस समय उजागर हुआ जब हमारी टीम मौके पर पहुँची और पार्टी लाइव कैमरे में कैद हो गई। अंदर तीन कर्मचारी शराब की बोतलों के साथ जश्न मना रहे थे। मौके पर पहुँचते ही अफरा-तफरी मच गई। एक कर्मचारी ने बहाना देते हुए कहा कि उसका जन्मदिन है और वह इसलिए पार्टी कर रहा है। इसके बावजूद उसकी बातों से स्पष्ट था कि वह बेफिक्र होकर शराब का सेवन कर रहा था।

जैसे-जैसे हंगामा बढ़ा, कुछ और कर्मचारी मौके पर पहुँचे। उन्होंने कहा कि कार्यालय में इस तरह पार्टी करना बिल्कुल अनुचित है। साथ ही, नशे में धुत एक कर्मचारी ने यहाँ तक कह दिया—“सस्पेंड करवा देना, जो भी हो करवा दो।”

यह कार्यालय शहर के व्यस्त इलाके में स्थित है और इसके साथ ही कुछ दूरी पर आला अधिकारियों के कार्यालय भी मौजूद हैं। सवाल उठता है कि आखिर इस तरह की गतिविधियाँ कार्यालय परिसर में कैसे हो रही हैं।

जब हमारी टीम प्रेस से बाहर निकली, तो दरवाजे पर ताला लगाकर मामला छिपाने का प्रयास किया गया। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं और क्या भविष्य में कार्यालय परिसर में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगेगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here