लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर |
प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की मंशा के अनुरूप सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से श्रीगंगानगर जिले में जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने विभिन्न ब्लैक स्पॉट स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नाथावाला-नेतेवाला मार्ग, हनुमानगढ़ रोड, ताखरांवाली स्थित 11 टीकेडब्ल्यू, सूरतगढ़ कैंट और घग्घर पुल सहित कई स्थानों का जायजा लिया गया।
इस दौरान जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों से अब तक की गई कार्यवाही की जानकारी ली और आगे के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।
सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर
कलक्टर डॉ. मंजू ने कहा कि ब्लैक स्पॉट को समाप्त करने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए विभागीय समन्वय आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में अनाधिकृत रोड कट बंद किए जाएं, सड़क किनारे झाड़ियां हटाई जाएं, तथा जंक्शन पर स्लिप लेन, फ्लाईओवर, अंडरपास और ओवरब्रिज के पास चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं।
उन्होंने जेब्रा क्रॉसिंग, थर्मोप्लास्ट पेंट, और सड़क डिवाइडर के रंग-रोगन सहित अन्य सुधारात्मक कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और खुले नाले-नालियों को सुरक्षित ढकने का कार्य भी प्राथमिकता से किया जाए।
भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सख्त व्यवस्था
कलक्टर ने यह भी कहा कि भीड़-भाड़ वाले इलाकों में डिवाइडर की मजबूत रैलिंग लगाई जाए, नियमित रूप से अतिक्रमण हटाया जाए और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

एसपी ने दिए सुरक्षा निर्देश
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परिवहन विभाग, यातायात पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करें।
निरीक्षण के दौरान एडीएम सतर्कता रीना, प्रशिक्षु आईएएस अदिति यादव, एनएचएआई और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी उपस्थित रहे।















































