लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
फ्लैगशिप योजनाओं, पंचायतीराज चुनाव, स्वास्थ्य संतृप्त शिविर, एसआईआर-2026 व फार्मर रजिस्ट्री की गहन समीक्षा
आमजन को योजनाओं का पूरा लाभ मिले, फार्मर रजिस्ट्री में शत-प्रतिशत कृषक हों शामिल : जिला कलक्टर
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद। जिला कलक्टर अरुण कुमार हसीजा ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर फ्लैगशिप योजनाओं, पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों, एसआईआर-2026, फार्मर रजिस्ट्री एवं स्वास्थ्य संतृप्त शिविरों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक में अपर जिला कलक्टर नरेश बुनकर, जिला परिषद सीईओ बृजमोहन बैरवा सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
‘किसान अधिकार पंजीकरण पखवाड़ा’ की समीक्षा
2 से 17 जनवरी तक चल रहे प्रशासनिक अभियान ‘किसान अधिकार पंजीकरण पखवाड़ा’ के अंतर्गत प्रत्येक राजस्व ग्राम में आयोजित शिविरों की भी समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फार्मर रजिस्ट्री (एग्रीस्ट्रेक) में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी, क्योंकि यह किसानों के अधिकारों से जुड़ा मूल प्रशासनिक दायित्व है।
उन्होंने निर्देश दिए कि डिजिटल क्रॉप सर्वे, इनपुट सब्सिडी सहित सभी संबंधित कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं। अधिकारियों को लक्ष्य आधारित कार्य करने, किसानों को प्रेरित करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे।
पटवारियों को किसानों से नियमित संवाद बनाए रखने और सौम्य व्यवहार रखने के निर्देश भी दिए गए।

स्वास्थ्य संतृप्त शिविरों पर विशेष जोर
जिला कलक्टर ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री शिविरों के साथ-साथ स्वास्थ्य संतृप्त शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, जहां चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आमजन को मौके पर ही लाभ प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने भारत सरकार की ई-संजीवनी ओपीडी (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) योजना की जानकारी देते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग टेलीमेडिसिन सेवाओं से लाभान्वित हो सकें।
एसआईआर-2026 की समयबद्ध प्रगति के निर्देश
एसआईआर-2026 की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने सभी ईआरओ को लंबित नोटिसों की शीघ्र तामील कराने तथा समस्त प्रक्रियाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने निरीक्षण प्रतिवेदन सम्पर्क पोर्टल पर त्वरित रूप से अपलोड करना सुनिश्चित करें।

फ्लैगशिप योजनाओं से दिखे जमीनी प्रभाव
फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य केवल आंकड़ों की पूर्ति नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में वास्तविक सुधार होना चाहिए।
उन्होंने सभी विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण व शहरी), मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्वामित्व योजना, मिशन हरियालो राजस्थान, अटल प्रगति पथ एवं अटल ज्ञान केंद्र जैसी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया गया।
महिला सशक्तिकरण व बुनियादी सुविधाओं पर फोकस
जिला कलक्टर ने कहा कि लखपति दीदी, सोलर दीदी, ड्रोन दीदी, बैंक सखी, कृषि सखी एवं पशु सखी जैसी पहलें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं।
साथ ही मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0, पंच गौरव योजना, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन एवं संशोधित वितरण क्षेत्र योजना जैसी योजनाएं जल संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन योजनाओं का प्रभाव मैदानी स्तर पर दिखना चाहिए, न कि केवल फाइलों तक सीमित रहे।

पंचायतीराज चुनाव की तैयारियां समय पर हों
बैठक में पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को कार्मिकों की तैनाती, लॉजिस्टिक प्रबंधन एवं निर्वाचन से जुड़े सभी निर्देशों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर, एडीएम एवं सीईओ ने अपने पूर्व चुनावों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करें। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर आगामी पंचायतीराज चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से सम्पन्न कराए जाएंगे।















































