लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की रणनीति तय
सीकर से योगेश ऋषिका
सीकर। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक “संगठन बढ़ाओ–लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पंचायत अध्यक्ष एवं निकाय वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया तथा आगामी कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पंचायत और वार्ड स्तर पर नियुक्तियां कर 15 अप्रैल तक बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जाएगा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत राज एवं निकाय चुनावों को जानबूझकर विलंबित किया जा रहा है और ओबीसी रिपोर्ट का बहाना बनाकर चुनाव टालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा चुनाव कराने की नहीं है।
महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि रसोई गैस की बढ़ती कीमतों से आम जनता पर भारी बोझ पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि कई क्षेत्रों में गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो रहे, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और महिलाएं मजबूरी में चूल्हे पर खाना बनाने को विवश हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन बढ़ाओ–लोकतंत्र बचाओ अभियान के तहत संगठन को मजबूत करने के साथ ही महंगाई और चुनावों को लेकर सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष के लिए तैयार है।
बैठक में संगठन महासचिव एडवोकेट पुरुषोत्तम शर्मा, पूर्व सभापति जीवण खान, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश सैनी, राजेंद्र सामोता, एडवोकेट राकेश सिहाग, महिपाल नेहरा सहित कई पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।