लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के झोटवाड़ा में ₹75 लाख की लागत से निर्मित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत लोकार्पण किया। लोकार्पण अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य केंद्र की सौगात के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया और उनका अभिनंदन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि यह शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नागरिकों को सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि केंद्र के माध्यम से मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, प्राथमिक उपचार, नियमित स्वास्थ्य जांच सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें, ताकि इलाज के लिए किसी को दूर न जाना पड़े। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में स्वास्थ्य संबंधी आधारभूत संरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

इस अवसर पर सीएमएचओ रवि शेखावत, जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र शर्मा, मंडल अध्यक्ष माल सिंह शेखावत, जयपाल मांडोता, विनोद सैनी, अशोक, राकेश अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



















































