लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सरमथुरा,धौलपुर । उपखंड क्षेत्र के झिरी गांव में बजरी माफियाओं द्वारा कुचले गए वनकर्मी जितेन्द्र सिंह शेखावत ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल वनकर्मी को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार के बाद जयपुर अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने जिंदगी की जंग हार दी।
सूत्रों के अनुसार बजरी माफियाओं द्वारा वाहन से कुचल दिए जाने के बाद जितेन्द्र सिंह शेखावत की हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने के लिए बांया पैर काटने का भी प्रयास किया, लेकिन गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बजरी माफियाओं की तलाश में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। वनकर्मियों और स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।

















































