लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
‘ऑपरेशन शटरडाउन’ में 6 गिरफ्तार, करोड़ों की सरकारी धोखाधड़ी का पर्दाफाश
झालावाड़।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में 22 अक्टूबर 2025 को चलाए गए ‘ऑपरेशन शटरडाउन’ के तहत झालावाड़ पुलिस ने एक अंतरराज्यीय संगठित साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार तथा 2 आरोपियों को डिटेन किया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जनआधार पोर्टल, राज एसएसपी (सोशल सिक्योरिटी पेंशन) पोर्टल, और आपदा प्रबंधन विभाग सहित राज्य सरकार की कई लोककल्याणकारी योजनाओं में तकनीकी सेंध लगाकर सरकारी धन की हेराफेरी कर रहा था।
गिरोह के सदस्य फर्जीवाड़े के ज़रिए अयोग्य व्यक्तियों के खातों में सरकारी राशि ट्रांसफर कराकर राजकोष से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर रहे थे।
अब तक की कार्रवाई में बरामदगी
-
30 आरोपी गिरफ्तार
-
₹53 लाख नकद बरामद
-
नोट गिनने की मशीन, हज़ारों चेकबुक, पासबुक, एटीएम कार्ड जब्त
-
35 से अधिक लैपटॉप, 70 मोबाइल, डिजिटल उपकरण, लग्जरी कारें, मोटरसाइकिलें और ट्रैक्टर ज़ब्त
-
लगभग 11,000 संदिग्ध बैंक खातों का डेटा प्राप्त
₹1 करोड़ की राशि फ्रीज
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मिले 11,000 से अधिक संदिग्ध बैंक खातों को डेबिट फ्रीज करवा दिया है। अब तक करीब ₹1 करोड़ की राशि फ्रीज की जा चुकी है। शेष खातों का विवरण आने के बाद धोखाधड़ी की कुल राशि का खुलासा होगा।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य के अब तक के सबसे बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क पर की गई है, जिसमें कई राज्यों के आरोपी शामिल हैं। आगे की जांच साइबर सेल और आर्थिक अपराध शाखा (EOW) द्वारा की जा रही है।


















































