लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सांगानेर एलिवेटेड रोड, रेलवे फाटक आरओबी और सेक्टर रोड के कार्यों को गति देने दिए निर्देश
जयपुर | आर एन सांवरिया
जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने सांगानेर विधानसभा क्षेत्र का विस्तृत दौरा कर विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ निदेशक अभियांत्रिकी (प्रथम एवं द्वितीय), संबंधित जोन उपायुक्त, अभियंतागण और उद्यानिकी शाखा के अधिकारी उपस्थित रहे।
एलिवेटेड रोड और सेक्टर रोड परियोजनाओं की समीक्षा
जेडीसी ने सांगा सेतु से मालपुरा गेट (वाया चोरड़िया पेट्रोल पंप) तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के एलाइनमेंट और तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण में आ रही समस्त बाधाओं की निरंतर मॉनिटरिंग की जाए और उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्य जल्द शुरू हो सके।
कल्याणपुरा आरओबी से रामपुरा रोड होते हुए प्रस्तावित सेक्टर रोड के निर्माण में आ रही समस्याओं और अतिक्रमणों का भी निरीक्षण किया गया। महाजन ने जोन उपायुक्त को निर्देश दिए कि न्यायालय में चल रहे मामलों में प्रभावी पैरवी की जाए और अतिक्रमण हटाकर सड़क निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया जाए।

सांगानेर रेलवे फाटक पर दो लेन आरओबी का निरीक्षण
दौरे के दौरान जेडीसी ने सांगानेर रेलवे स्टेशन के पास फाटक पर प्रस्तावित दो लेन आरओबी के लिए भूमि की उपलब्धता पर चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जेडीए द्वारा भूमि अवाप्ति की कार्यवाही नियमानुसार तुरंत शुरू की जाए और रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर भूमि उपलब्ध करवाई जाए।
वंदे मातरम रोड और भारत माता सर्किल में अतिक्रमण हटाने के निर्देश
महाजन ने वंदे मातरम रोड और भारत माता सर्किल पर अतिक्रमणों को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि कोर्ट स्टे वाले मामलों में पुख्ता पैरवी की जाए और अतिक्रमण हटाकर यातायात सुचारू किया जाए।
इसके अलावा उन्होंने वंदे मातरम रोड के दोनों ओर प्रस्तावित ग्रीन बेल्ट, मीडियन और सर्किल का निरीक्षण किया। जेडीसी ने उद्यानिकी शाखा को निर्देश दिए कि देशभर के प्रमुख शहरों में रोडसाइड प्लांटेशन मॉडल का अध्ययन किया जाए। इसके लिए अधिकारियों की एक टीम अगले सप्ताह अन्य राज्यों का दौरा करेगी, ताकि जयपुर में विश्वस्तरीय प्लांटेशन और सौंदर्यकरण कार्य किया जा सके।

अन्य निरीक्षण
-
न्यू सांगानेर रोड एवं वीटी रोड का दौरा किया गया; अधिकारियों ने बताया कि बीआरटीएस कॉरिडोर हटाया जा चुका है और सड़क निर्माण एवं सौंदर्यकरण कार्य प्रगतिशील है।
-
पीआरएन क्षेत्र में प्रगतिशील सीवर लाइन बिछाने और सड़क निर्माण का निरीक्षण किया गया, तथा शीघ्र पूर्ण करने के प्रयास करने हेतु कहा गया।
-
सड़क और ग्रीन बेल्ट में प्रस्तावित कार्य जैसे सिंथेटिक ट्रैक, साइकिल ट्रैक आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई।











































