लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि आगामी 15 जनवरी को जयपुर में भारतीय सेना द्वारा आयोजित आर्मी-डे परेड के माध्यम से आमजन को भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान की गौरवशाली गाथा देखने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री ने परेड को भव्य और व्यापक स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए।
शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आर्मी-डे परेड की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें भारतीय थल सेना एवं राज्य सरकार के उच्चाधिकारी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि यह परेड भारतीय सेना और वीर सैनिकों के पराक्रम और वीरता को प्रदर्शित करेगी। प्रशासन और संबंधित अधिकारी इस आयोजन की सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने के लिए सैन्य अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने जिला कलक्टर जयपुर को जगतपुरा के महल रोड परेड स्थल पर सभी तैयारियों को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि परेड में शामिल विशिष्ट गणमान्य, सैन्य अधिकारी और शहीदों के परिजनों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित हों। पुलिस आयुक्त जयपुर को पार्किंग और यातायात प्रबंधन के लिए दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इस परेड और इससे संबंधित अन्य कार्यक्रमों से विशेष रूप से युवाओं में देशभक्ति की भावना और अधिक प्रबल होगी।
8 से 15 जनवरी तक उपकरण प्रदर्शन
दक्षिण पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनजिंदर सिंह ने बताया कि 8 से 15 जनवरी तक उपकरण प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। 15 जनवरी को आर्मी-डे परेड के साथ ही सवाई मानसिंह स्टेडियम में शौर्य संध्या कार्यक्रम और ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सांस्कृतिक विविधता और शौर्य गाथा प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा, 7 दिसंबर को जेएलएन मार्ग पर ऑनर रन का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित भारतीय थल सेना एवं राज्य सरकार के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।


















































