लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘हिट इंडिया फिट इंडिया’ थीम पर आयोजित जयपुर लोकसभा सांसद खेल महोत्सव का समापन 25 दिसंबर को सवाई मानसिंह स्टेडियम में भव्य समारोह के साथ होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी खिलाड़ियों और जनता को वर्चुअली संबोधित करेंगे और विजेता खिलाड़ियों से बातचीत की संभावना भी है।
सांसद मंजू शर्मा ने बताया कि समापन कार्यक्रम एसएमएस इंडोर स्टेडियम में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक रविन्द्र उपाध्याय अपने बैंड के साथ सुमधुर गीतों की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही विजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
खेल महोत्सव में हर उम्र के लोगों ने लिया भाग
सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि इस महोत्सव में बच्चे, युवा, बालिकाएँ और 11 से 60 साल तक के लोग खेलों में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन ने साबित कर दिया कि प्रतिभाशाली खिलाड़ी अवसर मिलने पर देश और विदेश में भारत का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस दौरान कई नई खेल प्रतिभाएँ भी सामने आईं, जिन्हें अब खेल प्राधिकरण के जरिए प्रशिक्षण देकर आगे बढ़ाया जाएगा। मंगलवार को क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी और खो-खो सहित विभिन्न खेलों के फाइनल मैच हुए। बाकी टीमों के फाइनल मैच बुधवार को होंगे।
इस खेल महोत्सव में जयपुर लोकसभा क्षेत्र के लगभग 80,000 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया।

पारंपरिक खेलों का बढ़ता आकर्षण
सांसद ने बताया कि इस महोत्सव में खो-खो, कबड्डी, सतोलिया और रस्साकशी जैसे पारंपरिक खेलों में भी लोगों की खास रुचि देखी गई। जयपुर शहर के लगभग सभी क्षेत्रों से लोग मैदान में आए और खेलों का हिस्सा बने।








































