लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सांगानेर क्षेत्र जयपुर शहर के विस्तार का केंद्र बनता जा रहा है, इसलिए इसे सुगम यातायात प्रबंधन और आधुनिक शहरी विकास का नया मॉडल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सांगानेर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जो पूरे शहर के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करे।
मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में सांगानेर क्षेत्र के सर्किल निर्माण और सौन्दर्यकरण कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
सुगम यातायात प्रबंधन और आधुनिक मॉडल की दिशा में कदम
शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सांगानेर क्षेत्र में यातायात प्रबंधन, सड़क सुधार, और सर्किल विकास कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में आपसी समन्वय और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जाएं ताकि परिणाम दीर्घकालिक और प्रभावी हों।
थीम आधारित होगा सर्किलों का सौन्दर्यकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि वंदे मातरम् रोड पर स्थित सर्किलों का सौन्दर्यकरण स्वतंत्रता, संविधान और विकसित भारत की थीम पर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन थीम आधारित सौन्दर्यकरण कार्यों से नागरिकों में देशभक्ति, जागरूकता और गर्व की भावना उत्पन्न होगी।
मुख्यमंत्री ने न्यू सांगानेर रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों के चौराहों पर सौन्दर्यकरण और पौधरोपण कार्य कराने के भी निर्देश दिए।
️ गुणवत्ता पर समझौता नहीं, चलेगा सघन निरीक्षण अभियान
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार भवन और सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशभर में सघन निरीक्षण अभियान शुरू करने जा रही है।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए निरीक्षण समितियों का गठन किया जाएगा, जो गुणवत्ता की नियमित जांच करेंगी।
“सड़क और भवन निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो अधिकारी या ठेकेदार गुणवत्ता में कोताही करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
— मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय, वित्त विभाग और जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।