लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। भरतपुर नगर निगम के पूर्व मेयर अभिजीत के वार्ड में स्थित इंद्रा नगर कॉलोनी के लोग इन दिनों जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। पास स्थित हीरादास कुंडा का पानी कॉलोनी की ओर आने लगा है, जिससे कई मकानों में दरारें पड़ गई हैं और फर्श चटकने लगे हैं। हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को अब मकान गिरने का डर सताने लगा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे कई बार प्रशासन और संबंधित विभागों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज लोगों ने नगर निगम और बीडीए के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्थानीय निवासी कुंवर सिंह ने बताया कि इंद्रा नगर कॉलोनी में करीब 25–30 साल पहले मकान बने थे और कॉलोनी के पास ही हीरादास का कुंडा स्थित है। वर्तमान में कुंडा ओवरफ्लो हो गया है और उसका पानी नालियों के माध्यम से कॉलोनी की ओर आ रहा है। पानी मकानों तक पहुंचने से दीवारों और फर्श में दरारें आने लगी हैं।
लोगों का कहना है कि कुंडा में सीवर लाइन की तरफ से भी पानी आ रहा है और आसपास के नाले भी बंद पड़े हैं, जिससे जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। जलभराव के कारण इलाके में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है और लोग मलेरिया जैसी बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द कुंडा का पानी निकाला जाए और नालियों की सफाई कराई जाए, ताकि कॉलोनी के मकानों को सुरक्षित रखा जा सके और लोगों को राहत मिल सके।


















































