लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा
राजसमन्द। राजसमन्द जिले के कुंवारियाकस्बे में शनिवार देर शाम पुलिस चौकी परिसर में होली पर्व को लेकर कम्युनिटी लायजन ग्रुप (सीएलजी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व थाना अधिकारी सीआई रामचन्द्र कुमावत ने किया।
सीआई कुमावत ने बैठक में उपस्थित गणमान्य नागरिकों और सीएलजी सदस्यों से संवाद करते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का पर्व है। उन्होंने आमजन से अपील की कि त्योहार शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा आपसी समन्वय बनाए रखें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।
बैठक में उपस्थित नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही, कुंवारिया क्षेत्रवासियों ने शीतला सप्तमी पर जाप्ता की व्यवस्था की मांग भी रखी।
पुलिस प्रशासन ने बैठक के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द को भी प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे क्षेत्र में खुशियों और उमंग के साथ होली मनाई जा सके।
बैठक में एएसआई शंकरसिंह, बलवीर सिंह, पिंकेश मीणा, रतनलाल खटीक, मोहनलाल सालवी, रमेश रेगर, विजय प्रकाश पीपाड़ा, मनोहर दास, विपिन तातेड़, गोपाल, शेषमल प्रजापत, कैलाश सुथार, अकरम खान, कालूसिंह राठौड़, रामेश्वर साहू, विजय यादव, जीवन सिंह सहित कई सीएलजी सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

















































