लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
झालावाड़। जिले में अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रशासन ने हार्डकोर अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर सागर कुरैशी के अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अवैध अतिक्रमणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान नगरपालिका की बेशकीमती भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सागर कुरैशी द्वारा नगर पालिका क्षेत्र की विभिन्न सरकारी भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जे किए गए थे। शिकायतों और जांच के बाद राजस्व विभाग, नगरपालिका प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की योजना बनाकर मौके पर पहुंच अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया।
बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माणों को जमींदोज कर सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
11 गंभीर प्रकरण दर्ज
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर सागर कुरैशी के खिलाफ रंगदारी, हत्या, अवैध वसूली, जमीन पर कब्जा करने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 11 मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस और प्रशासन की निगरानी में था।
एसपी ने कहा कि अपराध से अर्जित संपत्तियों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत नगर पालिका झालरापाटन द्वारा यह कार्रवाई की गई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, नगरपालिका अधिकारियों, पुलिस उपाधीक्षक सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया था।
अभियान रहेगा जारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराधियों, भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों तथा गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
