लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर/लूणी। लूणी क्षेत्र के सतलाना गांव स्थित आई माता वडेर मंदिर से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि एक दलित (मेघवाल) समाज के व्यक्ति को मंदिर परिसर में रखे फ्रिज से पानी पीने से रोका गया।
वायरल वीडियो में कथित रूप से मंदिर के पुजारी द्वारा यह कहते हुए सुना जा सकता है कि “यहां मेघवाल पानी नहीं पी सकते।” वीडियो में अन्य टिप्पणियां भी सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
घटना को लेकर सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि आजादी के 77 वर्षों बाद भी यदि जातिगत भेदभाव जैसी घटनाएं सामने आती हैं तो यह चिंताजनक है।
पीड़ित पक्ष और समाज के लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते मामले का समाधान नहीं किया गया तो सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
