लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जिला कलेक्टर ने आगामी गर्मी के मौसम में हीट वेव से बचाव, सुरक्षा व आपदा प्रबंधन के संबंध में ली अधिकारियों की बैठक
भीलवाड़ा (विनोद सेन) । जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने आगामी गर्मी के मौसम में हीट वेव की आशंका के मध्यनजर बचाव, सुरक्षा एवं रोकथाम हेतु जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली । जिला कलेक्टर ने जिले में हीट वेव प्रबन्धन के लिए अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) एवं प्रभारी अधिकारी, आपदा प्रबन्धन एवं सहायता अनुभाग भीलवाडा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला आपदा त्वरित कार्यवाही हेतु पूर्व में ही कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गई है जो कि 24’7 कार्य कर रहा है । कन्ट्रोल रूम का टेलिफोन नंबर 01482-232671 है।

जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी विभाग प्राप्त होने वाली शिकायतों/आपात सूचनाओं पर तत्काल संज्ञान लेकर मौका मुआयना जरूर सुनिश्चित करें एवं त्वरित निस्तारण करें। समस्त विभागों के पास जो भी औजार, उपकरण या संसाधन इत्यादि उपलब्ध हैं, उन्हे पूर्व में ही अच्छी तरह से चैक कर लेवें ताकि आपदा राहत व जरूरत के समय अनुपयोगी या नाकारा ना मिले।
उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र के प्रबुद्धजन,समाजसेवी संस्थाओं व एनजीओ के सम्पर्क में रहे तथा आपदा की स्थिति में समुचित सहयोग लेवें। बच्चों का विशिष्ट ध्यान रखा जावे तथा इस हेतु आमजन व विशेषकर शिक्षण संस्थानों में जागरूकता का प्रचार-प्रसार किया जावें।
संधू ने सभी उपखण्ड स्तरीय अधिकारी एवं तहसीलदार को निर्देशित किया कि संबंधित प्रमुख विभागों के अधिकारियों के साथ निरंतर आपदा प्रबन्धन एवं बचाव की समीक्षा करें तथा अन्तर्विभागीय समन्वय सुनिश्चित करें।










































