Home latest हनुमान बेनीवाल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात

हनुमान बेनीवाल ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से की मुलाकात

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

शहीद परिवारों व भूतपूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान की मांग

नागौर/नई दिल्ली | प्रदीप कुमार डागा

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने रविवार को दिल्ली स्थित 17 अकबर रोड स्थित रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं शहीद सैनिकों के परिजनों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

मुलाकात के दौरान सांसद बेनीवाल ने शहीद परिवारों को अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े मामलों में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रक्रिया को शीघ्र एवं पारदर्शी बनाने की मांग की। उन्होंने शहीद परिवारों एवं भूतपूर्व सैनिकों की पेंशन तथा अन्य लंबित लाभों से जुड़े मामलों को भी लिखित रूप में रक्षा मंत्री के समक्ष रखा।

सांसद ने भूतपूर्व सैनिकों की पेंशन से जुड़ी समस्याओं, प्रशासनिक स्तर पर आ रही बाधाओं एवं विसंगतियों के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का आग्रह किया।

इसके अलावा उन्होंने नागौर संसदीय क्षेत्र के नागौर एवं डीडवाना–कुचामन जिलों के कॉलेजों में एनसीसी (NCC) से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक युवाओं को एनसीसी से जोड़ने, नई इकाइयों की स्थापना तथा प्रशिक्षण एवं संसाधनों के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुलाकात के बाद सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों के परिवारों का सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि रक्षा मंत्री इन मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई करेंगे।

यह मुलाकात राजस्थान के सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों के हितों और लंबित मामलों के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version