लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
डबल इंजन सरकार राजस्थान को बना रही अवसरों की भूमि
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि उनकी सरकार सत्ता भाव से नहीं, बल्कि संवेदनशीलता के साथ कार्य करती है। डबल इंजन सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर राजस्थान को अवसरों की भूमि बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान से विकसित भारत के संकल्प पर लगातार काम किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने शनिवार को अजमेर स्थित कायड़ विश्रामस्थली में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास के बाद आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर हरिभाऊ बागडे और भजनलाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
युवाशक्ति हो रही सशक्त
प्रधानमंत्री ने कहा कि लगभग 17 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं से सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी तथा रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार के समय भर्तियों में भ्रष्टाचार और पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब इन पर लगाम लगी है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है।
उन्होंने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले 21,863 युवाओं को शुभकामनाएं भी दीं।

नारीशक्ति सशक्तीकरण पर विशेष जोर
प्रधानमंत्री ने एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां ही सशक्त परिवार और समाज की आधारशिला है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से पहले शौचालयों की कमी, धुएं से भरे रसोईघर और गर्भवती महिलाओं के पोषण जैसी समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता था। केंद्र सरकार ने मिशन मोड में इन समस्याओं का समाधान किया। मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को 5 हजार रुपये की सहायता और उज्ज्वला योजना के माध्यम से गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई।
कनेक्टिविटी से बढ़े निवेश और पर्यटन
प्रधानमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क केवल यात्रा को आसान नहीं बनाते, बल्कि पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था बदल देते हैं। बेहतर कनेक्टिविटी से पर्यटन को बढ़ावा मिलता है, जिससे होटल, ढाबे, टैक्सी, गाइड और स्थानीय कारीगरों को रोजगार मिलता है।
उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी बढ़ने से राजस्थान में निवेश के अवसर भी तेजी से बढ़ रहे हैं।
सिंचाई परियोजनाओं को गति
प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार सिंचाई परियोजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। ईआरसीपी सहित विभिन्न लंबित परियोजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य किया जा रहा है। संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना और यमुना-राजस्थान लिंक परियोजना से राज्य को बड़ा लाभ मिलेगा।
सौर ऊर्जा से समृद्धि की ओर
प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान अब सूरज की ताकत से समृद्धि कमाने वाली धरती बन रहा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए 78 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। प्रदेश में सवा लाख से अधिक परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं और कई घरों का बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है।

ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का स्मरण
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत तीर्थराज पुष्कर, सावित्री माता, वीर तेजाजी महाराज, भगवान देवनारायण और वरुण अवतार भगवान झूलेलाल को नमन कर की। उन्होंने कहा कि अजमेर आस्था और शौर्य की धरती है।
उन्होंने मेजर दलपत सिंह के शौर्य को याद करते हुए कहा कि राजस्थान के वीरों ने इज़रायल के हाइफा शहर को आज़ाद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान के प्रति विशेष लगाव रहा है और उनके मार्गदर्शन में प्रदेश निरंतर विकास की राह पर अग्रसर है।
रोजगार और पारदर्शिता
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है।
-
अब तक सवा लाख से अधिक नौकरियां दी गईं
-
1.33 लाख से अधिक नियुक्तियां प्रक्रियाधीन
-
2026 में 1 लाख से अधिक नए पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी

कृषि और महिला सशक्तीकरण
-
कृषि बजट 1.19 लाख करोड़ रुपये (जीएसडीपी का 5.55%)
-
पीएम किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये
-
16 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ श्रेणी में
-
सवा दो लाख से अधिक महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी
जल और आवास योजनाएं
-
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2 लाख से अधिक आवास
-
जल जीवन मिशन में दो वर्षों में 14 लाख से अधिक जल कनेक्शन
-
हथिनी कुण्ड बैराज से यमुना जल परियोजना से शेखावाटी क्षेत्र को राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के साथ राज्य सरकार ने विकसित राजस्थान 2047 का विजन जारी किया है और वर्ष 2047 तक राज्य की अर्थव्यवस्था को 4.3 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
राजस्थान में विकास, रोजगार, महिला सशक्तीकरण और अवसंरचना के विस्तार को लेकर यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


















































