लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भारत विकास परिषद शाखा नागौर ने विद्या भारती विद्यालय शारदा बाल निकेतन मारवाड़ मूंडवा में आयोजित किया राष्ट्रीय प्रकल्प
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) विद्या भारती विद्यालय शारदा बाल निकेतन माध्यमिक, मारवाड़ मूंडवा में भारत विकास परिषद शाखा नागौर की ओर से राष्ट्रीय प्रकल्प ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती, भगवती एवं ॐ के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद परिषद की परंपरा के अनुसार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया।
पांच आधारभूत सिद्धांतों पर कार्य करती है परिषद
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद शाखा नागौर से पहुंचे पदाधिकारियों का विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से तिलक और माला पहनाकर स्वागत किया गया।
शाखा अध्यक्ष रामानुज मालाणी ने अध्यक्षीय उद्बोधन में परिषद की कार्यप्रणाली और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत विकास परिषद संपर्क, सहयोग, सेवा, संस्कार और समर्पण जैसे पांच आधारभूत बिंदुओं पर कार्य करती है।
उन्होंने बताया कि नागौर शाखा का यह रजत जयंती वर्ष है और इसे सेवा एवं संस्कार के कार्यों के लिए समर्पित किया गया है। उन्होंने कहा कि अगले एक वर्ष तक सेवा कार्यों पर विशेष जोर देने का प्रयास रहेगा।
विद्यार्थियों को बताई गुरु की महिमा
प्रकल्प प्रभारी मनोज जैन ने विद्यार्थियों को गुरु की महिमा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुरु व्यक्ति को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने का कार्य करता है और भारतीय संस्कृति में गुरु को अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।
चरण प्रकाश डागा ने विद्यार्थियों को राष्ट्रभक्ति, नशामुक्त समाज और नारी शक्ति के सम्मान की शपथ दिलाई।
दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का अभिनंदन
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों अलकीना और रोहित बडोला को सद्साहित्य, प्रशस्ति पत्र एवं पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वहीं विद्यालय के 19 गुरुजनों का मंगल तिलक लगाकर एवं उपहार स्वरूप कलम भेंट कर सम्मान किया गया। गुरुजनों के सम्मान से विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल रहा।
विद्यालय परिवार ने जताया आभार
भारत विकास परिषद के सदस्य राजेश अग्रवाल ने विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रामगोपाल सैन ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी पदाधिकारियों का हृदय की गहराइयों से आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर विद्यालय की लेखाशाखा प्रमुख अशोक कुमार सहित रघुवीर सिंह, करण राव, हरसुख लटियाल, दीपक जेठू, रवि राव, उर्मिला, सरोज, सरिता, उर्मा, श्रीपाल, अजोध्या सहित विद्यालय के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
