– अनेक कार्यक्रमों में देवस्थान मंत्री ने संतों से लिया आशीर्वाद
– मुख्यमंत्री की ओर से संतों को भेंट किए गुरु वंदन संदेश पत्र
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर/पाली। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, गुरु पूर्णिमा पर गुरुवार को राजस्थान सरकार की ओर से पाली जिले के जाडन में आयोजित कार्यक्रम का हिस्सा देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत भी बने। उन्होंने जाडन में स्थित ओम विश्वदीप गुरुकुल स्वामी महेश्वरानंद आश्रम में आयोजित देव दर्शन एवं गुरु पूजन कार्यक्रम के दौरान दीपनारायण भगवान के शिष्य परम पूज्य संत महेश्वरानंद जी महाराज का सम्मान किया। देवस्थान विभाग के सौजन्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ओर से जोराराम कुमावत ने पूज्य संत महेश्वरानंद जी महाराज को 2100 रुपये की सम्मान राशि, श्रीफल, शॉल, मिठाई और गुरु वंदन संदेश भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा यहां मंत्री कुमावत ने हिंदू धर्म सम्राट परमहंस स्वामी माधवानंद पुरी जी महाराज, स्वामी अवतार पुरी जी, उतराधिकारी व फूल गिरी जी महाराज के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। श्री कुमावत ने इससे पहले श्रद्धालुओं से आत्मीयता के साथ मुलाकात की।
गुरु पूर्णिमा ज्ञान, श्रद्धा और समर्पण का पर्व
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में राज्य सरकार द्धारा संतों और धर्मगुरुओं को सरकारी स्तर पर सम्मानित करने का यह फैसला प्रदेश में सनातन संस्कृति और संत परंपरा को पुन: प्रतिष्ठित करने की दिशा में एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल है। कुमावत ने कहा कि गुरु पूर्णिमा ज्ञान, श्रद्धा और समर्पण का पर्व है। यह गुरुओं के योगदान को याद करने और उन्हें सम्मान देने का दिन है। गुरु वह दीपक है जो हमारे जीवन के अंधकार को दूर करके हमें सफलता की राह दिखाते हैं। वह हमारे चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा भेजा गया शुभकामना संदेश भी उपस्थित श्रद्धालुओं को पढ़कर सुनाया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए संत महात्माओं के मार्गदर्शन को समाज की अमूल्य धरोहर बताया।













































