Home latest ग्रामवासियों के सहयोग से हो रही गौमाताओं की सेवा 

ग्रामवासियों के सहयोग से हो रही गौमाताओं की सेवा 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 आम सभा में पेश हुआ आय-व्यय विवरण

पादूकलां।

निकटवर्ती ग्राम पंचायत बिखरनियाकलां के ग्राम ईटावड़ा स्थित श्री बालाजी गौ सेवा समिति द्वारा संचालित गौशाला में रविवार को आम सभा का आयोजन किया गया। सभा में वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया तथा गौशाला के संचालन, व्यवस्थाओं एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों के साथ साझा की गई।

समिति द्वारा प्रस्तुत विवरण के अनुसार गत वर्ष की शेष राशि 1 लाख 41 हजार 210 रुपये थी। वर्षभर में गौशाला को विभिन्न स्रोतों से कुल 67 लाख 41 हजार 210 रुपये की आय प्राप्त हुई। वहीं गौवंश के चारे, पानी, चिकित्सा, रखरखाव एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर 63 लाख 44 हजार 342 रुपये खर्च किए गए। वर्तमान में समिति के पास 5 लाख 38 हजार 038 रुपये की शेष राशि उपलब्ध है।

गौसेवा सबसे बड़ा धर्म : कन्हैयालाल शर्मा

सभा को संबोधित करते हुए समिति के उपाध्यक्ष कन्हैयालाल शर्मा ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों, भामाशाहों एवं समाज के सहयोग से गौशाला में निरंतर गौवंश की सेवा और संरक्षण का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने गौशाला के सुचारू संचालन में ग्रामीणों के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने का आह्वान किया।

पारदर्शिता के साथ हो रहा संचालन

समिति के कोषाध्यक्ष हनुमानराम लोरा ने आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत करते हुए बताया कि समिति पूर्ण पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक सहयोग राशि का उपयोग गौवंश के संरक्षण, उपचार, चारे-पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं पर किया जा रहा है।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे उपस्थित

सभा में गोपालराम प्रजापत, कैलाशराम, मूलाराम कासनिया, भैरूराम, गणेशराम, रामनिवास, रामकुमार प्रजापत, आसाराम, रामकृष्ण, प्रेमाराम, लूणाराम, शिवजीराम, जानी जालसिंह, सीताराम, गोविंद प्रजापत, महेंद्र प्रजापत, किशोर प्रजापत, विक्रमसिंह राठौड़, सांवरलाल, राजेंद्र लोरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

सभा के अंत में समिति पदाधिकारियों ने सभी सहयोगकर्ताओं, दानदाताओं एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया तथा गौसेवा के लिए निरंतर जनसहयोग की अपील की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version