लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सवाई माधोपुर। राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ के बैनर तले जिले के ग्राम विकास अधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ग्राम विकास अधिकारियों ने महावीर पार्क में बैठक आयोजित कर कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान पदोन्नति और केडर स्ट्रेंथन (Cadre Strengthening) की प्रमुख मांग को लेकर जोरदार आवाज उठाई गई।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के चलते 8 मई 2025 को स्थगित हुई पदोन्नतियों का मामला एक बार फिर उठाया गया है। उन्होंने राज्य सरकार से शीघ्र पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की।
ग्राम विकास अधिकारियों ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, पंचायत राज विभाग के आयुक्त सहित संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते मांगें पूरी नहीं हुईं तो 8 अप्रैल को जयपुर में सीएम हाउस का घेराव किया जाएगा तथा 9 अप्रैल को सिविल लाइंस में धरना दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे और सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
























































