लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
परिवार सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति मांगी
गंगापुर सिटी–सवाई माधोपुर (बनी सिंह मीना)। ग्राम टोकसी के एक युवक ने उप जिला कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपते हुए अपनी पत्नी और दो बच्चों सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति देने की मांग की है। ज्ञापन में युवक ने आरोप लगाया कि उसकी मां के नाम दर्ज पैतृक संपत्ति को उसकी बहन, बहनोई और उनके सहयोगियों ने षड्यंत्रपूर्वक फर्जी दस्तावेज बनाकर अपने नाम करवा लिया।
युवक ने बताया कि उनके पिता कैंसर से पीड़ित थे और इलाज के दौरान परिवार के कुछ सदस्य उसकी 70 वर्षीय अशिक्षित मां का फायदा उठाकर जयपुर और टोकसी स्थित मकान, भूखंड सहित अन्य संपत्तियों पर कब्जा कर चुके हैं। युवक का आरोप है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी की गई है।
बेरोजगार और मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुके युवक ने ज्ञापन में कहा कि इस धोखाधड़ी ने उसका जीवन बर्बाद कर दिया है और वह गहरे सदमे में है, जिससे अब उसके जीने की इच्छा नहीं बची।
युवक ने प्रशासन से आग्रह किया है कि सभी दोषियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हड़पी गई संपत्ति जब्त की जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए।
प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच करने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सामाजिक संगठनों ने भी युवक को कानूनी सहायता और मानसिक सहयोग देने की अपील की है।
पीड़ित युवक का नाम सुनील कुमार है।