लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
शहर में चारभुजानाथ गीता सत्संग समिति द्वारा गीता जयंती महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सुबह 5 बजे गीता भवन में हरिनाम कीर्तन और श्रीमद् भागवत गीता के 11वें अध्याय का पाठ किया गया।
समिति के रमेश जांगिड़ ने बताया कि इसके बाद बैंड–बाजों के साथ प्रभात फेरी निकाली गई। फूलों से सजे श्याम रथ पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी लोगों का मुख्य आकर्षण रही। प्रभात फेरी विभिन्न गलियों—कटला गेट, जोशी मोहल्ला, खतौली गेट, बंदे की बारी, राजकुमारों की बारी, कुमावत मोहल्ला, भूतेश्वर गेट, शनि मंदिर, हरिजन मोहल्ला और सदर बाजार—से होते हुए राम–रघुनाथ मंदिर पहुंची।
प्रभात फेरी में गीता भवन सत्संग मंडल, चारभुजनाथ सत्संग मंडल, डाबला ग्राम की भजन मंडली, महिला मंडल सहित बड़ी संख्या में महिला–पुरुष और बालक–बालिकाओं ने उत्साह से भाग लिया। जगह–जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। भक्तों ने भावपूर्ण नृत्य कर आनंद का रसपान किया।
राम–रघुनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान राम की आरती, गीत आरती और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। भक्तों एवं बाहर से आई मंडलियों का तिलक-दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया तथा प्रसाद वितरण किया गया।
समिति के बलभद्र सिंह ने बताया कि मार्गशीर्ष एकादशी को ही भगवान कृष्ण ने कुरुक्षेत्र में अर्जुन को श्रीमद् भगवद् गीता का उपदेश दिया था, जो कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और कर्म पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।