लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर (बृजकिशोर पारीक)।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर के जोधपुर आगमन पर एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल, वरिष्ठ नेता त्रिभुवन सिंह भाटी, वनिता सेठ, नरेश सुराणा, इंदिरा राजपुरोहित सहित कई पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया।
मीडिया से बातचीत में राहटकर ने महिला आयोग के पिछले एक वर्ष के कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पिछले साल 75 महिला जनसुनवाई कार्यक्रम देशभर में आयोजित किए गए, जिनमें लगभग सभी राज्यों में जाकर महिलाओं की समस्याएँ सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया गया।
उन्होंने “महिला आयोग आपके द्वार” अभियान के तहत महिलाओं में अधिकार, सुरक्षा और सरकारी संसाधनों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल को महत्वपूर्ण बताया।
राहटकर ने साइबर अपराधों से बचाव पर विशेष जोर देते हुए कहा कि बदलते दौर में महिलाओं का एआई व डिजिटल तकनीक से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है, ताकि ऑनलाइन अपराधों से स्वयं को सुरक्षित रख सकें।
उन्होंने देश की सभी महिलाओं से निडर होकर आगे बढ़ने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की अपील की। राहटकर ने कहा कि महिला आयोग सदैव महिलाओं के साथ खड़ा है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।