लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जनसुनवाई में मौके पर ही हुआ समस्याओं का समाधान, आमजन संतुष्ट
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार जनकल्याण को सर्वोपरि रखते हुए प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गरीब, युवा, किसान और महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों का उत्थान राज्य सरकार की योजनाओं और नीतियों का केंद्र-बिंदु है।
मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित जनसुनवाई में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान अनेक परिवेदनाओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे आमजन में संतोष और प्रसन्नता देखने को मिली।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवेदनाओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए तथा लापरवाह कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, श्रम, कृषि, गृह, राजस्व, जयपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित परिवेदनाएं सामने आईं, जिनका त्वरित निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न संस्थाओं द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों के पोस्टरों का विमोचन भी किया। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।