लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
मुख्यमंत्री अनुप्रति निःशुल्क कोचिंग योजना में आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर तक बढ़ी
जयपुर ।
राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर गरीब और वंचित वर्ग के युवाओं को मेडिकल, इंजीनियरिंग, सिविल सेवा समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराकर उनके करियर को संवारने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अनुप्रति निःशुल्क कोचिंग योजना 2025 के तहत अब 30 हजार विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए फ्री कोचिंग सुविधा दी जाएगी। इच्छुक छात्र-छात्राएं एसएसओ आईडी के माध्यम से 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने बताया कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, दिव्यांगजन सहित सभी पात्र युवाओं को ध्यान में रखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से योजना का लाभ लेने की अपील की है।
इस योजना का उद्देश्य युवाओं को विभिन्न प्रोफेशनल कोर्स की प्रवेश परीक्षाओं एवं सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक मार्गदर्शन व संसाधन उपलब्ध कराकर रोजगार के समान अवसर प्रदान करना है।
योजना के तहत मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट जैसी प्रवेश परीक्षाओं के साथ-साथ यूपीएससी द्वारा आयोजित सिविल सेवा, सीडीएस परीक्षा, आरपीएससी द्वारा आयोजित आरएएस, पुलिस निरीक्षक परीक्षा, आरएसएसबी द्वारा पटवारी, कनिष्ठ सहायक परीक्षा, आरआरबी व एसएससी की भर्ती परीक्षाएं, बैंकिंग व इंश्योरेंस की परीक्षाएं, रीट और कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की तैयारी हेतु कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
राज्य सरकार की यह पहल सामाजिक न्याय और समान अवसर सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य उज्ज्वल होगा।


















































