लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गंठीलासर में राज्य सरकार द्वारा प्रायोजित सघन प्रवेशोत्सव एवं हाउसहोल्ड सर्वे कार्यक्रम के तहत प्रवेशोत्सव का आयोजन धूमधाम से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नवीन प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महबूब खान, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा कार्यक्रम अधिकारी मोहम्मद इमरान, कार्यक्रम अधिकारी रमेश पिंडयार एवं जिला समन्वयक विशेष शिक्षा सुखदेव कौशिक उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद बिश्नोई ने अतिथियों एवं भामाशाहों का माल्यार्पण कर सम्मान किया। वहीं उप प्रधानाचार्य वीरेंद्र व्यास ने गत सत्र के परीक्षा परिणाम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कक्षा 12 में 42 विद्यार्थियों में से 40 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए, जिसमें समित सारण ने 92 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया और उर्मिला सुथार दूसरे स्थान पर रही।
इसी प्रकार कक्षा 10 में 36 विद्यार्थियों में से 21 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए, जिसमें पार्वती सारण ने 79 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।
व्याख्याता एवं प्रवेश प्रभारी अमराराम पूनिया ने हाउसहोल्ड सर्वे कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि गंठीलासर क्षेत्र के वार्ड-1 से वार्ड-11 तक सर्वे कार्य किया गया है।
अधिकारियों ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं भौतिक उपलब्धियों पर संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ के कई वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे।


















































